रूस के ब्लैक सी में टैंकर पर हमले के बाद लगी भयंकर आग, 23 भारतीय क्रू मेंबर्स को किया गया सुरक्षित रेस्क्यू

0
6

नई दिल्ली: रूस के ब्लैक सी में एक टैंकर पर हमले के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जहाज में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग लगने के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। राहत की बात यह रही कि टैंकर पर मौजूद सभी 23 क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी क्रू मेंबर भारतीय नागरिक बताए गए हैं।

अनमैन्ड वेसल के हमले के बाद लगी आग

जानकारी के मुताबिक, लाइबेरिया के झंडे वाले टैंकर ‘एफ्रामैक्स रियो’ को ब्लैक सी में एक अनमैन्ड वेसल यानी बिना चालक वाले जहाज से हमले का सामना करना पड़ा। इसके बाद टैंकर में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रूसी अधिकारियों ने बचाव और राहत अभियान शुरू किया।

रूस के ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री ने बताया कि जहाज पर कुल 23 लोग सवार थे और सभी भारतीय नागरिक थे। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी क्रू मेंबर को चोट नहीं आई है। समय रहते सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया।

आसमान में छाया धुएं का गुबार

घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें समुद्र के बीच जहाज को आग की लपटों से घिरा देखा जा सकता है। टैंकर से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। आग की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर पर भी सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए गए। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, कुछ समय बाद आग की लपटें कम होने लगीं। इसके बाद फायरफाइटर्स ने उपलब्ध संसाधनों के जरिए आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश शुरू की।

रूस के क्रास्नोडार क्षेत्र के सिरियस इलाके के स्थानीय अधिकारियों ने सबसे पहले टैंकर में आग लगने की जानकारी दी थी। इमरजेंसी ऑपरेशन जारी रहने के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के समुद्र तटों को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया।

पहले भी भारतीय क्रू वाला जहाज बना था निशाना

ब्लैक सी में भारतीय नागरिकों से जुड़े जहाज पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले रूसी ड्रोन हमले में कार्गो शिप ‘एमवी रोयाद ममादोव’ को निशाना बनाए जाने की खबर सामने आई थी। इस जहाज पर तीन भारतीय नागरिक भी मौजूद थे। हमले के बाद जहाज में आग लग गई और बाद में वह डूब गया। घटना में कैप्टन की मौत हुई थी, जबकि एक भारतीय क्रू मेंबर के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। हालांकि, भारतीय दूतावास ने बाद में तीनों भारतीय नागरिकों के सुरक्षित होने की पुष्टि की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here