एंटी नारकोटिक्स टीम और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पकड़ा 1.25 करोड़ का गांजा

0
6

मथुरा: राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को चेकिंग के दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा और रिफाइनरी थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। संयुक्त टीम ने एक कंटेनर से 250 किलोग्राम गांजा बरामद कर हरियाणा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर के साथ मोबाइल फोन और नकदी भी कब्जे में ली है।

गुप्त सूचना पर हुई घेराबंदी, कंटेनर की तलाशी में खुली तस्करी की पोल

पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गांजे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी बढ़ाई गई। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें गांजा मिला। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों की पहचान सतीश कुमार पुत्र पदम सिंह, नासिर पुत्र वसीर और आशिफ अब्दुल करीम के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के नूंह जिले के पिनगवां थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

ओडिशा से यूपी-हरियाणा सीमा पर पहुंचाई जा रही थी खेप, सीओ ने किया खुलासा

सीओ रिफाइनरी प्रवीन तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गांजे की खेप ओडिशा से लाए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस के मुताबिक, सतीश कुमार ने बताया कि वह 17 अक्टूबर को अपने साथियों के साथ खाली कंटेनर लेकर ओडिशा के ब्रह्मपुर पहुंचा था। वहां जितेंद्र नाम के परिचित से गांजा खरीदने के बाद रायपंखा में कंटेनर में खेप लोड की गई। इसके बाद तीनों कंटेनर लेकर रवाना हुए थे। पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला है कि गांजे की खेप उत्तर प्रदेश और हरियाणा की सीमा के आसपास शमशेर नाम के व्यक्ति को सौंपी जानी थी।

तस्करी नेटवर्क की कड़ियां तलाशने में जुटी पुलिस, सप्लायर और रिसीवर पर शिकंजा

पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। गांजा उपलब्ध कराने वाले जितेंद्र, खेप लेने वाले शमशेर और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे हैं या नहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here