नई दिल्ली: दिल्ली को कूड़े के पहाड़ों से मुक्ति दिलाने की दिशा में नगर निगम ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को महापौर प्रवेश वाही ने भलस्वा लैंडफिल साइट का औचक निरीक्षण कर वहां चल रहे बायोमाइनिंग और कचरा निस्तारण कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। महापौर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि काम की रफ्तार बढ़ाई जाए और तय समय सीमा में कचरे के पहाड़ को खत्म किया जाए।
महापौर ने बताया कि भलस्वा लैंडफिल साइट से अब तक लगभग 1 करोड़ 2 लाख मीट्रिक टन लीगेसी कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। अभी करीब 23 से 25 लाख मीट्रिक टन कचरा शेष है। इसके निस्तारण के लिए नई एजेंसी से अनुबंध किया गया है। कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा होगी और मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
वज्र मशीन और भूमि पुनः प्राप्ति की योजना
उन्होंने बताया कि कचरा निस्तारण के लिए अत्याधुनिक वज्र मशीन भी लगाई जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सहयोग से भलस्वा में लगभग 30 प्रतिशत और ओखला लैंडफिल साइट पर 60 प्रतिशत भूमि पुनः प्राप्त की जा चुकी है। इस जमीन के उपयोग की योजनाओं पर भी काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, प्रसन्ना रामा स्वामी, उपायुक्त सचिन गुप्ता, राघवेंद्र मीणा और प्रमुख अभियंता के.के. शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।












