वृंदावन: संत प्रेमानंद के नियमित दर्शन की प्रतीक्षा कर रहे भक्तों के लिए भाई दूज का दिन खास रहा। लंबे समय से एकांतवास में रह रहे संत प्रेमानंद सुबह अचानक बुलेट पर सवार होकर आश्रम से निकले तो आसपास मौजूद भक्तों में उन्हें देखने की होड़ मच गई। संत को इस अंदाज में देखकर अनुयायी भी उत्साहित हो उठे। हर कोई उनकी एक झलक पाने के लिए दौड़ पड़ा।
एकांतवास में रह रहे हैं संत प्रेमानंद
अस्वस्थता के चलते संत प्रेमानंद इन दिनों एकांतवास में हैं। वह यमुना पार जहांगीरपुर स्थित अपने नए आश्रम यमुना विहार में निवास कर रहे हैं। लंबे समय से उनके नियमित दर्शन नहीं होने के कारण भक्त आश्रम के आसपास पहुंचकर उनके बाहर निकलने का इंतजार करते रहते हैं। कभी-कभार संत प्रेमानंद वृंदावन स्थित श्रीराधा केलीकुंज पहुंचकर भी भक्तों को दर्शन देते हैं। हालांकि, इन दिनों उनका अधिकांश समय एकांत में ही बीत रहा है।
शिष्य के साथ बुलेट पर निकले महाराज
भाई दूज की सुबह करीब सात बजे संत प्रेमानंद अपने एक शिष्य के साथ बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर आश्रम से निकले। उन्हें बुलेट पर जाता देख आसपास मौजूद भक्तों को सुखद आश्चर्य हुआ। संत के दर्शन के लिए लोग उनकी ओर दौड़ पड़े। आमतौर पर लक्जरी कार से आवागमन करने वाले संत प्रेमानंद का यह अंदाज भक्तों के लिए बिल्कुल अलग था।
यमुना किनारे की साधना, फिर लौटे आश्रम
संत प्रेमानंद बुलेट से यमुना किनारे पहुंचे और वहां साधना की। साधना पूरी करने के बाद वह शिष्य के साथ उसी बुलेट से वापस यमुना विहार आश्रम लौट आए। उनके इस संक्षिप्त भ्रमण ने लंबे समय से दर्शन की आस लगाए बैठे भक्तों को खुश कर दिया। संत प्रेमानंद की एक झलक पाने के लिए आश्रम के आसपास जुटे अनुयायियों के बीच दिनभर इसी की चर्चा रही।












