नई दिल्ली: द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक महिंद्रा थार रॉक्स ने मोटरसाइकिल सवार को बुरी तरह टक्कर मार दी और मौके से ऐसे फरार हो गई मानो कुछ हुआ ही न हो। गनीमत रही कि बाइक पर सवार दोनों लोगों को मामूली चोटें ही आईं। यह पूरी घटना शनिवार रात 8 बजे के आसपास घटी और पीछे से आ रही एक कार के डैशकैम में कैद हो गई। वीडियो में साफ दिखता है कि तेज रफ्तार थार बाईं तरफ से सर्विस लेन में घुसती है और एक साथ कई लेन पार करने की कोशिश करती है। आगे चल रही कार और बाईं ओर खड़ी बाइक के बीच थोड़ी सी जगह देखकर थार का चालक बिना रुके उसी संकरी जगह से निकलने की कोशिश करता है।
इसी दौरान गाड़ी सीधे मोटरसाइकिल सवार से टकरा जाती है और चालक बिना रुके तेजी से आगे निकल जाता है। यह नजारा किसी वीडियो गेम के खतरनाक स्टंट जैसा लगता है, जहां टक्कर के बाद भी गाड़ी रुकने का नाम नहीं लेती।
दोनों सवार सड़क पर गिरे, हेलमेट ने बचाई जान
टक्कर लगते ही बाइक पर सवार दोनों लोग संतुलन खो बैठे और सड़क पर जा गिरे। राहत की बात यह रही कि दोनों ने हेलमेट पहन रखा था, जिसकी वजह से बड़ा हादसा टलने से टल गया और उन्हें सिर्फ मामूली चोटें आईं।
गाड़ी पर पहले से लगा है जुर्माना
पुलिस जांच में सामने आया कि टक्कर मारने वाली थार का रजिस्ट्रेशन नंबर HR16AG5200 है। ई-चालान परिवहन पोर्टल के रिकॉर्ड के मुताबिक, इसी डीजल गाड़ी पर 3 अगस्त को खतरनाक ड्राइविंग और रेड लाइट जंप करने के लिए 5,000 रुपये का चालान भी काटा जा चुका है।
यह पहला मौका नहीं है जब महिंद्रा थार किसी दुर्घटना को लेकर चर्चा में आई हो। इसी हफ्ते 22 सितंबर को ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक तेज रफ्तार थार ने स्कूटर सवार दंपति को टक्कर मार दी थी, जिसमें पत्नी की मौत हो गई और पति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक कार छोड़कर फरार हो गया। इसी तरह जयपुर में भी एक थार की टक्कर से 57 वर्षीय नवल शर्मा नाम के स्कूटर सवार की जान चली गई थी।












