नई दिल्ली: साउथ दिल्ली में एक नाबालिग बच्ची की हत्या के मामले में जांच के दौरान चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार कैब ड्राइवर की मेडिकल जांच में इरेक्टाइल डिस्फंक्शन की पुष्टि हुई है. जांच रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी यौन संबंध बनाने में सक्षम नहीं था, फिर भी उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की थी.
फुटपाथ से किया था अपहरण
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को उस समय अगवा किया जब वह अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी. आरोपी उसे कार में बैठाकर वहां से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि गाड़ी चलने के दौरान बच्ची की नींद खुल गई और उसने मदद के लिए आवाज लगाई. बच्ची के पिता ने कार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी तेजी से मौके से भाग निकला.
सुनसान इलाके में ले जाकर की हत्या
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बच्ची को दिल्ली से बाहर एक सुनसान क्षेत्र में ले गया था. वहां उसने उसे धमकाया और बाद में उसकी हत्या कर दी. घटना को छिपाने के लिए शव को पत्थरों के नीचे दबाने का प्रयास किया गया. पुलिस ने शव बरामद कर मामले की जांच आगे बढ़ाई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले कई वर्षों से दिल्ली में रह रहा था. कैब चलाने से पहले वह सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर चुका है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें गंभीर अपराधों से जुड़े केस भी शामिल बताए जा रहे है.
कैब कंपनियों से मांगी जाएगी जानकारी
दिल्ली पुलिस अब उन कैब एग्रीगेटर कंपनियों से भी जानकारी जुटाने की तैयारी कर रही है, जिनके साथ आरोपी जुड़ा हुआ था. पुलिस यह जानना चाहती है कि उसके सत्यापन और भर्ती की प्रक्रिया किस तरह पूरी की गई थी.
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच एजेंसियां मामले के सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है.
















