8 दिन में 1000 करोड़ पार, रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने तोड़े सलमान खान और अपनी ‘एनिमल’ के रिकॉर्ड

0
9

नई दिल्ली: रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। रिलीज के महज आठ दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। यह भारतीय सिनेमा की 11वीं फिल्म है, जिसने यह मुकाम हासिल किया। फिल्म ने रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ और सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ के लाइफटाइम कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।

सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘रामायण’ ने रिलीज के आठवें दिन भारत में 53.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस दिन फिल्म का घरेलू ग्रॉस कलेक्शन 64 करोड़ रुपये रहा। वहीं, विदेशों में इसने 25 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह आठवें दिन भारत और विदेशी बाजारों को मिलाकर फिल्म की कुल कमाई 89 करोड़ रुपये रही।आठ दिनों के कारोबार की बात करें तो फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 564.60 करोड़ रुपये हो गया है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इसका ग्रॉस कलेक्शन 675.05 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। विदेशों से मिले 358.50 करोड़ रुपये जोड़ने पर फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 1,033.55 करोड़ रुपये हो गई है।

‘बजरंगी भाईजान’ और ‘एनिमल’ को पछाड़ा

1,000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने के साथ ही ‘रामायण’ ने दो बड़ी फिल्मों को कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। सलमान खान की ‘बजरंगी भाईजान’ का लाइफटाइम कलेक्शन 922.17 करोड़ रुपये था। वहीं, रणबीर कपूर की ‘एनिमल’ ने दुनियाभर में 915 करोड़ रुपये कमाए थे। अब ‘रामायण’ इन दोनों फिल्मों से आगे निकल गई है। ‘एनिमल’ अब तक रणबीर कपूर के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। हालांकि, ‘रामायण’ ने महज आठ दिनों में उसका रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस तरह यह रणबीर के करियर की सबसे बड़ी कमाई वाली फिल्म बन गई है। विदेशी बाजारों में भी फिल्म की कमाई मजबूत है।

1000 करोड़ क्लब में 11वीं भारतीय फिल्म

भारतीय फिल्मों में अब तक ‘बाहुबली 2’, ‘आरआरआर’, ‘कल्कि 2898 एडी’, ‘पठान’, ‘जवान’, ‘दंगल’, ‘केजीएफ चैप्टर 2’, ‘धुरंधर’, ‘धुरंधर 2’ और ‘पुष्पा 2’ दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी थीं। ‘रामायण’ इस सूची में शामिल होने वाली 11वीं फिल्म बन गई है। रणबीर कपूर के करियर में भी यह पहली फिल्म है, जिसने यह उपलब्धि हासिल की है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में इसका लाइफटाइम कलेक्शन कितना आगे जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here