नई दिल्ली: मानसून के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम फिर बिगड़ने वाला है. मौसम विभाग (IMD) ने 14 अगस्त को दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है.
IMD के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, गुजरात, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में आज मौसम खराब रह सकता है. कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. कुछ जगह ओलावृष्टि की भी संभावना है.
दिल्ली-NCR में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में बादल छाए रहने और तेज बारिश के साथ आंधी आने की संभावना है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
उत्तर प्रदेश में बारिश और आंधी
नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, गोरखपुर, अलीगढ़, झांसी, मुजफ्फरनगर, बहराइच, मिर्जापुर, जौनपुर, सोनभद्र और मऊ समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार हैं. तेज हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं. लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार में भी मौसम बिगड़ेगा
पटना, गया, नालंदा, दरभंगा, पूर्णिया, मुंगेर, औरंगाबाद, बेगूसराय, समस्तीपुर, सहरसा, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, कैमूर, सारण, रोहतास और सुपौल समेत कई जिलों में बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है. हवाएं 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. पटना में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान में बारिश
मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा, सीहोर, रायसेन, जबलपुर, इंदौर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, उज्जैन, देवास, मंडला, पन्ना, गुना और खंडवा समेत कई हिस्सों में तेज बारिश के आसार हैं. हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती हैं. भोपाल में तापमान 27 और 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, कोटा, टोंक, सवाई माधोपुर, बूंदी, पाली, भरतपुर, भीलवाड़ा, बारां, सिरोही, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है. जयपुर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा
हिमाचल प्रदेश के मनाली, कुल्लू, किन्नौर, सिरमौर, कांगड़ा, सोलन, चंबा और मंडी में बारिश हो सकती है. उत्तराखंड के नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार, बागेश्वर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा में भी भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बना हुआ है.
झारखंड, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में भी अलर्ट
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, रामगढ़, चतरा, गुमला, पलामू, खूंटी, सरायकेला, दुमका, जामताड़ा और साहिबगंज में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. रांची में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, अनंतनाग, किश्तवाड़, डोडा, पुंछ, कठुआ, बारामूला और राजौरी में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. श्रीनगर में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
पंजाब के लुधियाना, पटियाला, अमृतसर, पठानकोट, होशियारपुर, गुरुदासपुर, जालंधर और बरनाला में तेज बारिश की चेतावनी है. चंडीगढ़ में मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है. IMD ने लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने और बाहर निकलने से पहले स्थानीय मौसम अपडेट देखने की अपील की है.












