DMCH में शराब पार्टी का वीडियो वायरल, महिला सफाईकर्मियों को लेकर मचा हड़कंप, जांच के आदेश

0
5

पटना: बिहार के सबसे बड़े अस्पतालों में शुमार दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) से एक शर्मनाक वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में अस्पताल के सर्जिकल भवन के अंदर तीन महिलाएं और एक युवक शराब पीते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही अस्पताल प्रशासन से लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

हालांकि वीडियो कब का है और इसमें दिख रहे लोग कौन हैं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन वीडियो में साफ दिख रहा है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर खुलेआम शराब पार्टी चल रही है।

SSP ने लिया संज्ञान, जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए दरभंगा के एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने वीडियो पर संज्ञान लिया है। उन्होंने बेंता थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच का निर्देश दिया है। पुलिस तीन बिंदुओं पर जांच कर रही है – वीडियो असली है या नहीं, यह घटना कहां की है और इसमें शामिल लोग कौन हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो की फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

अस्पताल अधीक्षक बोले- दोषी मिले तो होगी कार्रवाई

वहीं DMCH के अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जाएगी। अगर आरोप सही पाए गए तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि यह घटना ड्यूटी के दौरान हुई या ड्यूटी के बाद।

अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल

DMCH उत्तर बिहार का सबसे बड़ा रेफरल अस्पताल है। यहां दरभंगा समेत मधुबनी, समस्तीपुर, सहरसा, सुपौल समेत कई जिलों से मरीज इलाज के लिए आते हैं। ऐसे में सर्जिकल वार्ड जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर शराब पार्टी का वीडियो सामने आने से अस्पताल के अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अस्पताल में मरीजों की जान बचाने की जिम्मेदारी जिन कर्मचारियों पर है, अगर वही परिसर में शराब पार्टी करते मिलेंगे तो मरीजों की सुरक्षा का क्या होगा? फिलहाल सभी की नजर पुलिस और अस्पताल प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिसके बाद ही तय होगा कि इस वीडियो की सच्चाई क्या है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here