सेवा संकल्प अभियान के तहत हड़ौली में सेवा सेतु शिविर आयोजित, चेयरमैन ने किया विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण

0
5

रतिया: हरियाणा सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव हड़ौली में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के चेयरमैन बलदेव सिंह ग्रोहा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा सुविधाओं तथा विभागीय सेवाओं की जानकारी दी गई। शिविर में लगभग 230 ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 2 महिलाओं का लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण भी किया गया।

स्टॉलों का निरीक्षण कर जानी योजनाओं की स्थिति

मुख्य अतिथि बलदेव सिंह ग्रोहा ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनके विभागों द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलती है और उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ते। इससे लोगों का समय बचता है और उनकी समस्याओं का समाधान करने में भी सुविधा मिलती है।

जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे कोई जरूरतमंद: ग्रोहा

चेयरमैन बलदेव सिंह ग्रोहा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तत्परता से कार्य करें। विशेष रूप से गरीब, जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों की पहचान कर उन्हें सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर ध्यान दिया जाए। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और पात्रता संबंधी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी गई।

आमजन के द्वार तक सरकारी सेवाएं पहुंचाना मुख्य लक्ष्य

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से हरियाणा सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की उपलब्धता और सुगमता बढ़े। गांव हड़ौली में आयोजित इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ने का कार्य किया गया।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी विनोद चावला, बीडीपीओ विकास लांग्यान, एसडीओ अशोक पांन्नू, सरपंच प्रतिनिधि नछतर सिंह, भाजपा जिला सचिव निर्मल सिंह, जिला ग्रीवेंस कमेटी सदस्य राजेन्द्र कौर, अजेब सिंह, मेंबर सीता राम, सिमरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।

 

Reported By: Rimpi Jindal

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here