नई दिल्ली: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी ने चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी करते हुए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को 40 विधानसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। खास बात यह है कि इस सूची में खुद मुख्यमंत्री का नाम भी शामिल है। पार्टी ने उन्हें एक बार फिर धुरी सीट से चुनाव लड़ने का मौका दिया है। इसके अलावा लुधियाना, अमृतसर और माझा-दोआबा क्षेत्र की कई सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।
आम आदमी पार्टी ने इस बार सभी 117 विधानसभा सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा एक साथ करने के बजाय अलग-अलग चरणों में सूची जारी करने का फैसला किया है। पहली सूची तैयार करने से पहले शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी के बड़े नेताओं की बैठक हुई थी। राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चा की गई। पार्टी ने उन नेताओं के नामों पर भी विचार किया, जो लगातार दो चुनाव जीत चुके हैं और जिन्हें तीसरी बार भी टिकट दिया जा सकता है। इस चर्चा के बाद शनिवार को 40 उम्मीदवारों की पहली सूची सार्वजनिक की गई। अब बाकी 77 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का इंतजार है।
The Aam Aadmi Party hereby announces the following candidates for the Punjab Legislative Assembly Elections, 2027. https://t.co/dsbqLTNwLa
— AAP (@AamAadmiParty) October 31, 2026
भगवंत मान फिर धुरी से लड़ेंगे चुनाव
पहली सूची में मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनकी मौजूदा विधानसभा सीट धुरी से ही उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने बटाला सीट से शेरी कलसी और अजनाला से कुलदीप धालीवाल पर भरोसा जताया है। वहीं अमृतसर दक्षिण से इंद्रवीर सिंह निज्जर को टिकट दिया गया है। तरनतारन विधानसभा क्षेत्र से हरमीत सिंह संधू और खेमकरण से सरवन सिंह धुन चुनावी मैदान में उतरेंगे।
दोआबा और माझा क्षेत्र में इन चेहरों को मिला मौका
दोआबा क्षेत्र में आम आदमी पार्टी ने नकोदर से इंद्रजीत कौर मान और करतारपुर से बलकार सिंह को प्रत्याशी बनाया है। दसूहा सीट से करणवीर सिंह घुम्मन और उर्मुर से जसवीर सिंह राजागिल चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा होशियारपुर से ब्रह्मशंकर जिम्पा को टिकट दिया गया है।
चब्बेवाल सीट पर ईशांक कुमार चब्बेवाल और गढ़शंकर से जयकृष्णन रोरी को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं बलाचौर विधानसभा क्षेत्र से संतोष कटारिया को चुनावी मैदान में उतारा गया है। पहली सूची में कई मौजूदा नेताओं को दोबारा मौका मिलने से पार्टी ने अपने पुराने चेहरों पर भरोसा जताने का संकेत दिया है। अब आने वाले दिनों में बाकी सीटों पर होने वाली घोषणाओं पर सभी की नजरें रहेंगी।











