लुधियाना में खूनी वारदात! कार में बैठे युवक पर ताबड़तोड़ 5 गोलियां, CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

0
6
Ludhiana old rivalry youth shot five times in car CCTV footage

लुधियाना: लुधियाना के टिब्बा रोड स्थित स्वतंत्र नगर में शुक्रवार देर रात पुरानी दुश्मनी ने एक बार फिर खूनी शक्ल ले ली। बेखौफ हमलावरों ने कार में बैठे एक युवक को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी वारदात गली में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।  

क्या हुआ था उस रात?     

मृतक की पहचान अरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। अरजिंदर प्रॉपर्टी का काम करता था और परिवार से अलग स्वतंत्र नगर में किराये पर रहता था। शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपने तीन दोस्तों को घर छोड़ने आया था। दोस्तों की एक्टिवा अरजिंदर के घर के बाहर खड़ी थी।  

जैसे ही चारों कार से उतरकर गली की तरफ बढ़े, तभी दूसरी कार में सवार होकर आए हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने सीधे कार को निशाना बनाया और करीब 5 राउंड फायर किए।  

फायरिंग की आवाज सुनते ही कार में बैठे तीन युवक किसी तरह बाहर निकले और गली की तरफ भाग गए। लेकिन कार चला रहा अरजिंदर बाहर नहीं निकल सका। उसे माथे और शरीर पर कई गोलियां लगीं। गंभीर चोटों के कारण उसने कार के अंदर ही दम तोड़ दिया।  

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात     

गली में लगा CCTV कैमरा पूरे हमले का गवाह बना। फुटेज में साफ दिख रहा है कि कैसे हमलावरों ने कार के पास आकर लगातार गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने फुटेज कब्जे में ले ली है और हमलावरों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।  

पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह     

पुलिस के मुताबिक अरजिंदर और हमलावर पक्ष के बीच काफी समय से रंजिश चल रही थी। मृतक पक्ष ने पहले भी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उस केस में कुछ आरोपी फरार घोषित हो चुके थे।

माना जा रहा है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते इस हत्या को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के सही कारण और आरोपियों की भूमिका साफ हो पाएगी।  

परिवार का विरोध: गिरफ्तारी तक नहीं होगा पोस्टमार्टम    

घटना के बाद परिवार में भारी रोष है। परिवार वालों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने साफ कर दिया है कि जब तक हमलावर पकड़े नहीं जाते, शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।

परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो वे बस्ती जोधेवाल चौक पर प्रदर्शन करेंगे। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटा रही है और CCTV के आधार पर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here