रतिया: फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर किसानों और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने लघु सचिवालय परिसर से जागरूकता फ्लैग मार्च को रवाना किया। यह फ्लैग मार्च कृषि विभाग की फसल अवशेष प्रबंधन (सीआरएम) योजना के तहत आयोजित किया गया, जिसमें कृषि विभाग, पुलिस विभाग, अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग तथा खंड विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। एसडीएम सुरेन्द्र सिंह ने कहा कि पराली जलाने की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन के साथ-साथ किसानों की सक्रिय भागीदारी भी बेहद जरूरी है। किसान फसल अवशेषों को आग लगाने के बजाय उनके उचित प्रबंधन के लिए कृषि विभाग द्वारा बताई गई तकनीकों और उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए।
गांवों में किसानों से संपर्क कर चलाएं जागरूकता अभियान
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे गांवों में किसानों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखें तथा उन्हें फसल अवशेष प्रबंधन के प्रति जागरूक करें। साथ ही किसानों से अपील की कि वे पराली को आग न लगाएं और प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में सहयोग करें।
12 गांवों से होकर गुजरा जागरूकता फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च रतिया से शुरू होकर हमजापुर, अहरवां, बरोटा, फूलां, भरपूर, रत्ताखेड़ा, हड़ोली, अजीतनगर, अलिका, लालवास, कलोठा और लाली सहित विभिन्न गांवों से होते हुए वापस रतिया पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांवों में पहुंचकर किसानों तथा ग्रामीणों को पराली न जलाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने किसानों को समझाया कि फसल अवशेषों को खेतों में जलाने से पर्यावरण प्रदूषित होता है तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वायु गुणवत्ता को प्रभावित करता है और आमजन के स्वास्थ्य के लिए भी नुकसानदायक है।
कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस मौके पर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी विकास लांग्यान, कृषि विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. बिजेंद्र कुमार, ब्लॉक कृषि अधिकारी संदीप बिडलान सहित ग्राम सचिव, पुलिस टीम, पटवारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।












