नई दिल्ली: रेनो ने 2021 में काइगर के बाद भारत में कोई बड़ा लॉन्च नहीं किया था, लेकिन अब कंपनी फुल स्पीड में वापसी कर रही है। थर्ड जनरेशन डस्टर इस साल लॉन्च हो चुकी है और अब 2027 तक चार नए मॉडल पाइपलाइन में हैं – डस्टर हाइब्रिड, 7-सीटर डस्टर, नई क्विड और एक नई सब-4 मीटर SUV ब्रिजर।
दिवाली पर आएगी डस्टर हाइब्रिड, 1000KM चलेगी
रेनो डस्टर हाइब्रिड इस साल दिवाली के आसपास लॉन्च हो सकती है। यह भारत में रेनो की पहली इलेक्ट्रिफाइड कार होगी। इसमें E-Tech 160 फुल-हाइब्रिड पावरट्रेन मिलेगा।
1.8-लीटर डायरेक्ट इंजेक्शन पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर फ्रंट व्हील्स को पावर देगी। कंबाइंड आउटपुट करीब 160hp और 172Nm होगा, साथ में 1.4kWh बैटरी पैक।
रेनो का दावा है कि शहर में यह 80% समय सिर्फ इलेक्ट्रिक मोड में चलेगी, जिससे फ्यूल खपत 40% तक कम होगी। कंपनी 1000km की टोटल रेंज क्लेम कर रही है। अगर 50-लीटर टैंक मिला तो माइलेज करीब 20 kmpl तक जा सकता है।
बड़े परिवार के लिए 7-सीटर डस्टर
2027 की शुरुआत में रेनो डस्टर का थ्री-रो यानी 7-सीटर वर्जन लाएगी। बड़े परिवारों को टारगेट करके बनाई जा रही इस SUV में मौजूदा डस्टर से लंबा व्हीलबेस होगा, जिससे सेकंड और थर्ड रो दोनों में ज्यादा लेगरूम मिलेगा।
इसमें 1.3-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन स्टैंडर्ड रहेगा, साथ में हाइब्रिड का ऑप्शन भी मिल सकता है। इसका सीधा मुकाबला सफारी, XUV700 और अल्काजार जैसे 7-सीटर से होगा।
2027 मिड में नई क्विड, ब्राजील वाला लुक
मिड 2027 में नई रेनो क्विड का फेसलिफ्ट आएगा। 26 अगस्त को ब्राजील में दिखे अपडेट्स इसमें देखने को मिल सकते हैं – स्प्लिट हेडलैंप, नया ग्रिल, नया रेनो लोगो, ज्यादा मस्कुलर बंपर, नए 14-इंच अलॉय और शार्क-फिन एंटीना।
अंदर भी बड़ा बदलाव होगा। नए मॉडल्स जैसा कॉकपिट डिजाइन वाला डैशबोर्ड, 7-इंच का नया इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 10.1-इंच का Media Evolution टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा।
चौथी कार होगी ब्रिजर – नई सब-4 मीटर SUV
लिस्ट की चौथी कार ब्रिजर होगी, जो एक बिल्कुल नई सब-4 मीटर SUV है। यह काइगर और डस्टर के बीच पोजिशन की जाएगी और पंच, एक्सटर को टक्कर देगी। इसमें भी हाइब्रिड टेक और मॉडर्न फीचर्स की उम्मीद है। कुल मिलाकर रेनो का 2027 तक का प्लान क्लियर है – हाइब्रिड टेक, ज्यादा स्पेस और फ्रेश डिजाइन के साथ इंडियन मार्केट में दोबारा पकड़ मजबूत करना।












