नई दिल्ली: गांधी जयंती के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत आजादपुर में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने खुद सफाई अभियान में भाग लेकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया और इसके बाद पूरे क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वर्ज फुटपाथ, सड़क किनारे की दीवारों नालियों, जल निकासी व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों का जायजा लिया। जगह जगह गंदगी, फुटपाथ पर फल विक्रेताओं के अतिक्रमण, दीवारों पर अनधिकृत विज्ञापन और क्षतिग्रस्त सार्वजनिक ढांचे को देखकर उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

फुटपाथ व्यवस्थित करने के साथ अंडरपास के सौंदर्यीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वर्ज की नियमित सफाई के साथ अंडरपास और लंबी दीवारों पर चित्रकारी एवं सौंदर्यीकरण कराने को कहा। उन्होंने फुटपाथ पर फल बेचने वाले लोगों से भी संवाद किया और कहा कि उनकी रोजी-रोटी का ध्यान रखते हुए ऐसा व्यवस्थित समाधान निकाला जाए, जिससे पैदल यात्रियों को परेशानी न हो और सफाई भी बनी रहे।
दिसंबर में स्थापित होगी अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा
आजादपुर मंडी में मुख्यमंत्री ने फल विक्रेताओं और श्रमिकों से काम के बाद कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि नालियों में कचरा जाने से जल निकासी प्रभावित होती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित किए जा रहे चौक पर दिसंबर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित करने की योजना है और इसे ‘अटल चौक’ नाम दिया जाएगा। चौक के आसपास हरियाली, सफाई और सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता एक दिन का अभियान नहीं बल्कि जीवन का संस्कार होना चाहिए। इस दौरान विधायक राजकुमार भाटिया, निगम अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।












