नई दिल्ली: दिल्ली में छठ महापर्व की आहट के साथ ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पूजा की खरीदारी के लिए उमड़ रही भीड़ के बीच दिल्ली पुलिस ने भी सुरक्षा का मोर्चा संभाल लिया है। बाजारों से लेकर प्रमुख सड़कों और छठ पूजा स्थलों तक पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। साफ संदेश है कि आस्था के इस महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
गीता कॉलोनी छठ बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
इसी कड़ी में शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी स्थित छठ पूजा बाजार में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गीतांजलि खंडेलवाल ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ गीता कॉलोनी थाना प्रभारी प्रेम कुमार और अतिरिक्त सुरक्षा बल की टीम ने बाजार में पैदल गश्त की। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों और खरीदारी करने पहुंचे लोगों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली।
अतिरिक्त डीसीपी गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि छठ पर्व नजदीक आते ही छोटे-बड़े सभी बाजारों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। सड़कों और बाजारों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।
यमुना खादर में छठ पूजा की व्यवस्था और पुलिस की अपील
उन्होंने बताया कि यमुना खादर क्षेत्र में छठ पूजा बड़े स्तर पर मनाई जाती है और विभिन्न इलाकों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इसके मद्देनजर संबंधित नागरिक एजेंसियों के साथ कई बैठकें कर समन्वय स्थापित किया गया है। पुलिस का लक्ष्य है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। शाहदरा जिला पुलिस की अपील त्योहार मनाएं, सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।











