सर्दी की आहट के साथ बांके बिहारी मंदिर के दर्शन समय में बदलाव

0
5

वृंदावन: सर्द मौसम की आहट के साथ ही ठाकुर श्री बांके बिहारी महाराज की सेवा और दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंदिर में शीतकालीन सत्र के तहत 11 नवंबर से दर्शन का नया समय लागू होगा। इसके अनुसार अब श्रद्धालु सुबह आठ बजे से दोपहर 1:30 बजे तक और शाम चार बजे से रात नौ बजे तक ठाकुरजी के दर्शन कर सकेंगे।

11 नवंबर से लागू होगी शीतकालीन व्यवस्था

परंपरा के अनुसार ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में ग्रीष्म और शीतकालीन ऋतु के अनुरूप दर्शन के समय में परिवर्तन किया जाता है। दीपावली के बाद शीतकालीन व्यवस्था लागू होती है, जबकि होली के बाद ग्रीष्मकालीन व्यवस्था के अनुसार मंदिर के पट खोले जाते हैं। इसी क्रम में इस वर्ष 11 नवंबर से शीतकालीन दर्शन व्यवस्था शुरू की जा रही है।

सुबह 8 बजे खुलेंगे मंदिर के पट

मंदिर के कार्यवाहक प्रबंधक उमेश सारस्वत ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत सुबह आठ बजे मंदिर के पट खुलेंगे। इसके दस मिनट बाद 8:10 बजे श्रृंगार आरती होगी। दोपहर 1:25 बजे राजभोग आरती के बाद 1:30 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद शाम को चार बजे पुनः दर्शन खुलेंगे। रात्रि 8:55 बजे शयनभोग आरती होगी और रात नौ बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।

नई समय-सारिणी के अनुसार होंगे दर्शन

दर्शन समय में बदलाव के साथ ही अब श्रद्धालुओं को नई समय-सारिणी के अनुसार ही ठाकुरजी के दर्शन करने होंगे। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से परिवर्तित समय का ध्यान रखकर दर्शन के लिए पहुंचने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here